रूसी टाइगा में अकेली जूझती 70 साल की एक संन्यासिनी की कहानी

रूसी टाइगा में अकेली जूझती 70 साल की एक संन्यासिनी की कहानी

अगर कभी आपको अकेले रहने की ज़रूरत पड़े, तो आप कितने दिन रह पाएंगे? 

इससे पहले कि आप अपना जवाब तय करें, हमारी ये फिल्म ज़रूर देखिए। मिलिए इरादों की पक्की और प्रभु ईसा मसीह की परम भक्त, अगाफ़िया से। इनकी उम्र 70 साल है और ये रूस के सुदूर साइबेरिया में टाइगा के जंगलों में बिलकुल अकेली रहती हैं। 

अगाफ़िया की कहानी काफी दिलचस्प है, जिसकी शुरूआत हुई 17वीं शताब्दी में। एक ऐसा वक्त, जब रूस के ऑर्थोडॉक्स चर्च के प्रमुख निकॉन ने कई बदलाव किए। जिन लोगों ने इन बदलावों को स्वीकार नहीं किया, उन्हें “पुराने धर्मानुयायी” कहा गया। अगाफ़िया के पिता उनमें से एक थे। चर्च में हुए बदलावों की वजह से पुराने धर्मानुयायियों पर कई ज़ुल्म किए गए और इस प्रताड़ना से बचने के लिए अगाफ़िया के पिता, कार्प लीकोव, अपने परिवार के साथ दुनिया के सुदूर कोने, साइबेरियाई जंगलों में भाग गए। उस वक्त उनके दो बच्चे थे और जंगल में रहते हुए दो बच्चे और पैदा हुए। अगाफ़िया का जन्म टाइगा के जंगलों में ही हुआ था। 

लीकोव परिवार जंगलों में ही दिन काट रहा था, जब 1978 में रूसी भूविज्ञानियों ने उन्हें ढूंढ निकाला। ये वैज्ञानिक अपने काम की वजह से साइबेरिया के खकासिया इलाके में पहुंचे और वहां उनकी मुलाकात लीकोव परिवार से हुई। पहली नज़र में ऐसा लगा जैसे लीकोव परिवार सदियों पुरानी किसी गुफा से निकल कर आया हो। 

इस डॉक्यूमेंट्री के बनते समय, अगाफ़िया करीब 70 साल की थीं। उन्होंने RTD की टीम को बताया कि कैसे वो टाइगा में अकेले दिन बिताती हैं। RTD की टीम ने उस वक्त उनके पास रह रहे एक भूविज्ञानी एरोफेय सेदोव से भी बात की। एरोफेय उस टीम में शामिल थे, जिन्होंने लीकोव परिवार को खोजा था। उनके पास अगाफ़िया को लेकर कई कहानियां मौजूद थीं, लेकिन क्या वो कहानियां सच हैं? 

RTD की टीम ने अगाफ़िया से दुनिया भर के पुराने धर्मानुयायियों को एक चिट्ठी लिखने को कहा, जिसमें उन्होंने सभी से मदद की गुहार लगाई। 

2015 में एरोफेय की मौत हो गई और उन्हें टाइगा के जंगल में ही दफना दिया गया। लेकिन RT की इस डॉक्यूमेंट्री और अगाफ़िया की चिट्ठी का असर ये हुआ कि अब वो अकेली नहीं हैं। साल में कुछ समय अलग-अलग लोग उनकी मदद के लिए पहुंचते हैं। ऐसी भी खबरें हैं कि एरोफेय के बेटे निकोलाय अब अगाफ़िया के साथ रहते हैं और अगाफ़िया ने उन्हें दीक्षा दी है। एक रिपोर्ट के मुताबिक 2021 में एक रूसी अरबपति ने अगाफ़िया के लिए जंगल में ही एक नया घर बनाने का भी प्रस्ताव दिया है। 

इस डॉक्यूमेंट्री के ज़रिए ये जानिये कि पुराने धर्मानुयायी कौन थे? रूस के साइबेरिया में टाइगा के जंगलों में क्या अकेला रहा जा सकता है? और अगाफ़िया के बारे में जो अफवाहें गर्म हैं, उनमें कितनी सच्चाई है?